गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ और निजी जिंदगी, दोनों को लेकर लगातार चर्चा में हैं. हाल ही में एक चैरिटी इवेंट में पहुंचीं सुनीता ने अपनी फैमिली, बच्चों और आने वाले फिल्मी सफर को लेकर खुलकर बात की. इस दौरान उन्होंने एक ऐसा खुलासा किया जिसने सभी का ध्यान खींच लिया.
सुनीता आहूजा का खुलासा
दरअसल, मुंबई में माइंड कोच सारा अरफीन खान के फाउंडेशन के एक चैरिटी इवेंट में सुनीता आहूजा ने बच्चों के प्रति अपना प्यार जाहिर किया. उन्होंने कहा कि उन्हें बच्चे बेहद पसंद हैं और अगर सब कुछ उनके मन के मुताबिक होता तो वह 5-6 बच्चों की मां बनना चाहती थीं.
क्या बोलीं सुनीता आहूजा?
सुनीता ने मुस्कुराते हुए कहा कि बच्चे उन्हें किसी फरिश्ते से कम नहीं लगते. हालांकि, अब उनके दो बच्चे-बेटा यश और बेटी टीना ही उनकी पूरी दुनिया हैं. उन्होंने कहा कि आज उनकी सारी खुशियां और फोकस सिर्फ अपने बच्चों के इर्द-गिर्द है.
गोविंदा के सवाल से बचती दिखीं सुनीता
इवेंट के दौरान सुनीता से उनके पति गोविंदा की कथित कमबैक फिल्म ‘रूपा’ को लेकर भी सवाल पूछा गया. लेकिन इस सवाल पर उन्होंने साफ तौर पर रिएक्शन देने से इनकार कर दिया. सुनीता ने कहा कि अब वह अपनी एनर्जी किसी और के बारे में सोचने में बर्बाद नहीं करना चाहतीं. उन्होंने मीडिया से अनुरोध करते हुए कहा, ‘मुझसे सिर्फ मेरे और मेरे बेटे के बारे में सवाल पूछिए. मैं किसी और के बारे में कोई चर्चा नहीं करना चाहती.’
‘लॉक अप 2’ से छाईं सुनीता आहूजा
सुनीता का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब वह रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में अपने निजी जीवन को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे कर चुकी हैं. शो में उन्होंने अपने और गोविंदा के रिश्ते में आई दूरियों और मुश्किलों पर खुलकर बात की थी. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया था कि गोविंदा के कई अफेयर्स रहे, लेकिन अब वह इन बातों से आगे बढ़ चुकी हैं.
सुनीता आहूजा बेटे यश के साथ करेंगी डेब्यू
वहीं, करियर की बात करें तो सुनीता आहूजा जल्द ही अपने बेटे यश के साथ फिल्मों में डेब्यू करने जा रही हैं. उन्होंने बताया था कि मां-बेटे की यह जोड़ी एकता कपूर की फिल्म से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखेगी. सुनीता ने इसके लिए एकता कपूर का आभार भी जताया और कहा कि उन्हीं की वजह से उन्होंने नए सफर की शुरुआत करने का फैसला लिया.
सुनीता करियर और बच्चों पर दे रहीं ध्यान
फलहाल, सुनीता आहूजा अपने परिवार, बच्चों और नए करियर पर पूरा ध्यान दे रही हैं और साफ कर चुकी हैं कि अब उनकी प्राथमिकता सिर्फ उनकी अपनी जिंदगी और उनके बच्चे हैं.